अंबिकापुर(ईएमएस)। जिले में जमीन रजिस्ट्री कराने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट बैकुंठपुर के निर्देश पर थाना बैकुंठपुर में दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच गांधीनगर अंबिकापुर पुलिस को सौंप दी गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अरविन्द तिर्की (निवासी बूढाडांड, थाना बगीचा, जिला जशपुर) और संजय मिंज (निवासी पटपरिया, गांधीनगर, अंबिकापुर) ने पीड़िता को सस्ती जमीन दिलाने का झांसा देकर ठगी की। पीड़िता आशा तिग्गा, जो पंजाब नेशनल बैंक बैकुंठपुर में सहायक शाखा प्रबंधक के पद पर पदस्थ हैं, को आरोपियों ने अंबिकापुर रेलवे स्टेशन के पास जमीन दिलाने का भरोसा दिलाया। विश्वास में लेकर आरोपियों ने अलग-अलग तिथियों में आरटीजीएस, एनईएफटी और नकद के माध्यम से कुल 21,40,500 रुपए ले लिए। रकम लेने के बाद भी आरोपियों ने न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई और न ही संपर्क में रहे। पीड़िता द्वारा संपर्क करने पर दोनों ने मोबाइल बंद कर लिया और अपने ठिकाने से फरार हो गए। काफी समय तक प्रयास के बावजूद जब आरोपियों का कोई पता नहीं चला, तो पीड़िता ने पहले पुलिस अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण ली। इसके बाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 3(5) सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल, गांधीनगर पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)09 अप्रैल 2026