अमृतसर(ईएमएस)। खालसा सृजना दिवस पर सिख श्रद्धालुओं का एक बड़ा जत्था शुक्रवार को पाकिस्तान के लिए रवाना होगा। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने कुल 1795 श्रद्धालुओं के वीजा आवेदन भेजे थे, जिनमें से 1763 को वीजा जारी किया गया, जबकि 32 आवेदन खारिज हुए। इसके साथ ही दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के 409 और हरियाणा कमेटी के 255 श्रद्धालुओं को भी वीजा मिला है। इस तरह देश के विभिन्न हिस्सों से कुल 2840 श्रद्धालु इस पावन अवसर पर पाकिस्तान स्थित अपने ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन करने जाएंगे। यह जत्था सुबह 8 बजे अटारी-वाघा सीमा मार्ग से पाकिस्तान की यात्रा शुरू करेगा। इस दौरान श्रद्धालु सबसे पहले गुरुद्वारा श्री पंजा साहिब, हसन अब्दाल पहुंचेंगे, जहां खालसा सृजना दिवस का मुख्य समागम बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस ऐतिहासिक स्थल का सिख इतिहास में विशेष महत्व है, और यहां दर्शन करना हर श्रद्धालु के लिए एक सौभाग्य माना जाता है। विनोद उपाध्याय / 09 अप्रैल, 2026