-आप से तनातनी के बीच इंस्टाग्राम रील से अटकलें तेज नई दिल्ली(ईएमएस)। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा इन दिनों सुर्खियों में हैं। पार्टी नेतृत्व के साथ उनके रिश्तों में खटास की खबरों के बीच अब एक नया सवाल खड़ा हो गया है कि क्या वह अपनी अलग राजनीतिक पार्टी बना सकते हैं। यह अटकलें तब और तेज हो गईं जब उन्होंने एक इंस्टाग्राम रील साझा की, जिसमें उन्हें एक नई जेन-जी पार्टी बनाने का सुझाव दिया गया था। राघव चड्ढा ने एक कंटेंट क्रिएटर की रील शेयर की। इस रील में क्रिएटर रिहान ने कहा कि देश के युवा और आम लोग चाहते हैं कि राघव चड्ढा अपनी खुद की राजनीतिक पार्टी बनाएं। उन्होंने सुझाव दिया कि इस पार्टी का नाम जेन-जी पार्टी हो सकता है या फिर कोई भी ऐसा नाम जो युवा वर्ग को आकर्षित करे। रील में यह भी कहा गया कि अगर राघव चड्ढा किसी दूसरी पार्टी में शामिल होते हैं, तो उन्हें वह समर्थन नहीं मिल सकता जो अभी उन्हें मिल रहा है। वहीं अगर वह अपनी पार्टी बनाते हैं, तो देश का युवा उनके साथ खड़ा हो सकता है और उन्हें बड़ी सफलता मिल सकती है। इस पर राघव चड्ढा ने प्रतिक्रिया देते हुए इसे इंटरेस्टिंग थॉट यानी दिलचस्प विचार बताया। विनोद उपाध्याय / 09 अप्रैल, 2026