* रिलायंस ग्रुप के उत्तराधिकारी के दीर्घायु और समृद्धि के लिए विशेष आरती, 28 फीट की रंगोली बनी आकर्षण का केंद्र अहमदाबाद (ईएमएस)| अहमदाबाद में आज अनंत अंबानी के जन्मदिन के अवसर पर विशेष उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला। शहर के ऐतिहासिक जगन्नाथ मंदिर परिवार द्वारा इस अवसर को यादगार बनाने के लिए भव्य आयोजन किया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस खास दिन पर भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भाई बलभद्र को विशेष और आकर्षक वेशभूषा पहनाई गई। साथ ही, भगवान को कीमती आभूषणों से सजाया गया और पूरे मंदिर परिसर को सुगंधित फूलों से सजाकर दिव्य वातावरण तैयार किया गया। सुबह 10 बजे से धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई, जिसमें अनंत अंबानी के स्वस्थ, निरोगी और दीर्घायु जीवन के लिए विशेष आरती और प्रार्थना की गई। मंदिर प्रांगण में 28 फीट लंबी भव्य रंगोली बनाई गई, जिसमें अनंत अंबानी की छवि और शुभकामनाएं दर्शाई गईं। यह रंगोली श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी रही। इस अवसर पर मंदिर के गजराज को भी विशेष रूप से सजाया गया। उनका विधि-विधान से पूजन किया गया और उनके लिए विशेष भोजन की व्यवस्था की गई। साथ ही, हाथियों के महावतों को आवश्यक वस्तुएं भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कई महामंडलेश्वर और साधु-संत भी उपस्थित रहे। उनके लिए भंडारा, प्रसाद वितरण और वस्त्रदान की विशेष व्यवस्था की गई। पूरे आयोजन का मुख्य उद्देश्य अनंत अंबानी के उज्ज्वल भविष्य, स्वास्थ्य और समृद्धि के लिए भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करना था। उपस्थित संतों और श्रद्धालुओं ने कामना की कि वे निरंतर देश और अपने परिवार का नाम रोशन करते रहें। सतीश/09 अप्रैल