इशाक डार बोले वार्ता में आगे भी पाकिस्तान निभाएगा भूमिका इस्लामाबाद,(ईएमएस)। इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच हुई महत्वपूर्ण वार्ता बिना किसी ठोस समझौते के समाप्त हो गई, लेकिन कूटनीतिक प्रयास अभी जारी हैं। पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने स्पष्ट किया कि उनका देश दोनों देशों के बीच मध्यस्थता की भूमिका आगे भी निभाता रहेगा। वहीं दूसरी तरफ संयुक्त राष्ट्र ने इस बेनतीजा बैठक का स्वागत करते हुए कूटनीतिक प्रयासों के लिए संतोष जताया है। आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में डार ने बताया कि उन्होंने और पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर ने अमेरिका और ईरान के बीच कई दौर की बातचीत कराने की कोशिश की। उन्होंने इसे “सार्थक प्रयास” बताते हुए कहा कि भले ही इस बार कोई समझौता नहीं हो सका, लेकिन संवाद की प्रक्रिया जारी रहना ही सकारात्मक संकेत है। डार ने उम्मीद जताई कि अमेरिका और ईरान दोनों ही क्षेत्रीय शांति और स्थिरता को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक रुख अपनाएंगे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान भविष्य में भी दोनों देशों के बीच संवाद को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा, ताकि तनाव कम हो और कूटनीतिक समाधान की दिशा में प्रगति हो सके। इस बीच, संयुक्त राष्ट्र ने इस्लामाबाद में हुई इस वार्ता का स्वागत किया है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण कूटनीतिक अवसर है, जिसका लाभ दोनों पक्षों को उठाना चाहिए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय विवादों के समाधान के लिए संवाद और कूटनीति ही सबसे प्रभावी और व्यवहारिक रास्ता है। दुजारिक ने दोनों देशों से अपील की कि वे सद्भावना के साथ बातचीत जारी रखें और एक व्यापक एवं स्थायी समझौते की दिशा में आगे बढ़ें। हालांकि इस दौर की वार्ता से कोई ठोस परिणाम नहीं निकला, लेकिन पाकिस्तान की मध्यस्थता और संयुक्त राष्ट्र के समर्थन से भविष्य में किसी सकारात्मक प्रगति की उम्मीद को जन्म देने का काम जरुर कर दिया है। हिदायत/ईएमएस 12अप्रैल्26