अंतर्राष्ट्रीय
12-Apr-2026
...


-गाजा राहत मिशन पर कथित हमले का आरोप, मानवता के खिलाफ अपराध सहित कई गंभीर धाराएं तुर्किये,(ईएमएस)। तुर्किये में एक बड़ा कानूनी मामला सामने आया है, जिसमें बेंजामिन नेतन्याहू समेत 35 लोगों के खिलाफ आपराधिक केस दर्ज किया गया है। यह मामला गाजा जा रहे एक राहत मिशन पर कथित हमले से जुड़ा बताया जा रहा है। इस्तांबुल के मुख्य सरकारी वकील के कार्यालय द्वारा दाखिल आरोपपत्र में सभी आरोपियों के लिए बेहद कठोर सजा की मांग की गई है। इसमें उम्रकैद के साथ-साथ 1,102 साल से लेकर 4,596 साल तक की अतिरिक्त सजा का भी उल्लेख किया गया है, जिसे अब तक के सबसे गंभीर अंतरराष्ट्रीय मामलों में से एक माना जा रहा है। आरोपों में मानवता के खिलाफ अपराध, नरसंहार, गैरकानूनी हिरासत, यातना और लूट जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। यह पूरा मामला पिछले वर्ष सितंबर में हुए उस घटनाक्रम से जुड़ा है, जब ‘सुमुद फ्लोटिला’ नामक एक राहत मिशन गाजा की ओर खाद्य सामग्री, दवाइयां और अन्य जरूरी सहायता लेकर जा रहा था। जांच के अनुसार, जब यह फ्लोटिला अंतरराष्ट्रीय समुद्री क्षेत्र में था, तब कथित रूप से इजराइली नौसेना ने उसे रोक लिया। आरोप है कि सैनिक जहाजों पर चढ़े, राहत कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और मिशन को आगे बढ़ने से रोक दिया गया। तुर्किये का कहना है कि यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन है क्योंकि घटना अंतरराष्ट्रीय जल क्षेत्र में हुई थी और जहाज मानवीय सहायता लेकर जा रहे थे। इसी आधार पर इस मामले को गंभीर अपराध मानते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है। फिलहाल यह मामला अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है और आने वाले दिनों में इसके कूटनीतिक असर और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। हिदायत/ईएमएस 12अप्रैल26