अंतर्राष्ट्रीय
12-Apr-2026
...


-अचानक हुई बारिश में फिसलन से लोग एक-दूसरे पर गिरते चले गए और दब गए पोर्ट-औ-प्रिंस,(ईएमएस)। कैरिबियन देश हैती के उत्तरी हिस्से में शनिवार को मशहूर और ऐतिहासिक किले सिटाडेल लाफेरिएर में आयोजित एक कार्यक्रम में अचानक भगदड़ मच गई। इस हादसे में कम से कम 30 लोगों की मौत हो चुकी है जिनमें बड़ी संख्या में छात्र और युवा शामिल हैं। यह हादसा उस समय हुआ जब किले में होने वाले एक सांस्कृतिक उत्सव में शामिल होने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मीडिया रिपोर्ट में प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक भीड़ बेकाबू होकर किले के मुख्य गेट की ओर बढ़ने लगी। अचानक हुई बारिश ने हालात और खराब कर दिए। जमीन पर फिसलन होने के कारण लोग एक-दूसरे पर गिरते चले गए और उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला। ज्यादा भीड़ होने से लोग दबते चले गए जिससे दम घुटने और चोट लगने से दर्जनों लोगों की जान चली गई। यह किला 19वीं सदी की शुरुआत में तब बनाया गया था जब हैती ने फ्रांस से आजादी हासिल की थी। यूनिस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल यह स्थल न केवल ऐतिहासिक है बल्कि देश की अस्मिता का प्रतीक भी है। इसी कारण हर साल यहां बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं लेकिन इस बार सुरक्षा इंतजाम भीड़ के आगे नाकाफी थे। रिपोर्ट के मुताबिक हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए हैती के पीएम एलिक्स डिडिएर फिल्स-एमे ने कहा कि यह पूरे राष्ट्र के लिए एक बहुत बड़ी त्रासदी है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। प्रशासन ने बताया कि राहत और बचाव कार्य जारी है और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया है। मरने वालों का आंकड़ा अभी और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। कई घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। सिराज/ईएमएस 12अप्रैल26