अंतर्राष्ट्रीय
12-Apr-2026
...


-पहली बार समुद्री क्षेत्र में निशाना बनी पाक सेना, सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता इस्लामाबाद,(ईएमएस)। पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान क्षेत्र में जारी संघर्ष अब लग रहा है कि समुद्र तक पहुंच गया है। दरअसल रविवार को अरब सागर में ग्वादर के पास पाकिस्तानी नौसेना के एक जहाज पर हमला किया गया, जिसमें कम से कम तीन नौसैनिकों की मौत हो गई। यह घटना इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि पहली बार बलूचिस्तान के पास समुद्री क्षेत्र में इस तरह का हमला हुआ है। स्थानीय रिपोर्ट्स के अनुसार, जिवानी खाड़ी के पास खुले समुद्र में इस हमले को अंजाम दिया गया। हालांकि, अभी तक किसी भी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि इसके पीछे बलूचिस्तान में सक्रिय विद्रोही गुट हो सकते हैं, जो लंबे समय से पाकिस्तानी सेना के खिलाफ सशस्त्र अभियान चला रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यह हमला रणनीतिक रूप से बेहद संवेदनशील इलाके में हुआ है। ग्वादर पोर्ट न केवल पाकिस्तान के लिए, बल्कि क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। खासतौर पर होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ते तनाव के बीच यह इलाका वैकल्पिक समुद्री मार्ग के रूप में उभर रहा है। ऐसे समय में समुद्र के भीतर हुआ यह हमला अंतरराष्ट्रीय व्यापार और समुद्री सुरक्षा के लिए चिंता का विषय बन गया है। इस घटना से पाकिस्तान की सैन्य और राजनीतिक नेतृत्व की मुश्किलें बढ़ गई हैं। आर्मी चीफ असीम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के सामने अब समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। गौरतलब है कि बलूचिस्तान प्रांत लंबे समय से हिंसा और अस्थिरता का केंद्र रहा है। यहां सक्रिय कई सशस्त्र संगठन पाकिस्तानी सेना और सरकारी ठिकानों को निशाना बनाते रहे हैं। इन गुटों का आरोप है कि क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों का शोषण किया जा रहा है और स्थानीय लोगों को इसका लाभ नहीं मिल रहा। अब तक संघर्ष मुख्य रूप से जमीन तक सीमित था, लेकिन इस ताजा हमले ने यह संकेत दे दिया है कि विद्रोही गुट अपनी रणनीति का विस्तार कर समुद्री इलाकों तक पहुंच चुके हैं। हिदायत/ईएमएस 12अप्रैल26