नई दिल्ली (ईएमएस)। इस साल अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू होने जा रही है, जो कि 28 अगस्त को संपन्न होगी। अबकी बार अमरनाथ यात्रा कुल 57 दिनों तक चलेगी। जम्मू‑कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इसकी आधिकारिक घोषणा की। उन्होंने बताया कि पहली पूजा ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर होगी, जिसके साथ ही यात्रा की तैयारियां औपचारिक रूप से शुरू हो जाएंगी। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि भगवान शिव का आशीर्वाद लेने के लिए पहली पूजा 29 जून को ज्येष्ठ पूर्णिमा के दिन की जाएगी। यात्रा के लिए पंजीकरण 15 अप्रैल से शुरू होगा, जो ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से कराया जा सकेगा। अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण देशभर की कई बैंक शाखाओं में किया जाएगा। इसमें जम्मू‑कश्मीर बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, स्टेट बैंक और यस बैंक शामिल हैं। कुल 554 बैंक शाखाओं में पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। यात्रा के लिए श्रद्धालुओं की न्यूनतम आयु 13 वर्ष और अधिकतम आयु 70 वर्ष निर्धारित की गई है। हर यात्री को पहचान के लिए कार्ड दिया जाएगा। साथ ही यात्रियों को दुर्घटना बीमा की सुविधा भी मिलेगी, जिसकी राशि बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी गई है। इतना ही नहीं, टट्टुओं के लिए भी बीमा सुविधा दी जाएगी। किसी हादसे या प्राकृतिक मृत्यु की स्थिति में 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। सुबोध/१२ -०४-२०२६