नई सरकार बनते ही शराबबंदी खत्म करने की उठी मांग, सीएम बोले-जारी रहेगी पटना,(ईएएमस)। बिहार के नए सीएम सम्राट चौधरी अपने आवास पर लोगों से मुलाकात कर रहे हैं। इस दौरान एक युवक ने अयोध्या के श्रीराम की तस्वीर सम्राट चौधरी को भेंट की, जिसे लेकर सम्राट ने उन्हें प्रणाम किया। एक बुजुर्ग दंपति रोते हुए सीएम सम्राट के पास पहुंचे। उन्होंने सीएम से मदद की गुहार लगाई, जिसके बाद सम्राट ने उन्हें मदद का भरोसा दिलाया। इससे पहले पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने सीएम सम्राट से आवास पर मुलाकात की थी। दोनों के बीच मौजूदा राजनीतिक हालातों पर करीब 20 मिनट बातचीत हुई। नीतीश ने दोनों डिप्टी सीएम विजय चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव से भी मुलाकात की। सम्राट से मिलने के बाद नीतीश मुस्कुराते दिखे। इसके बाद नीतीश ने सम्राट के कंधे पर हाथ रखा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बिहार में नई सरकार बनने के बाद लगातार शराबबंदी खत्म करने की मांग उठ रही है। इस बीच सीएम चौधरी ने साफ कर दिया है कि बिहार में शराबबंदी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के इस फैसले की तारीफ पीएम मोदी भी कर चुके हैं इसलिए इस फैसले पर पुनर्विचार का सवाल ही नहीं उठता है। मोकामा विधायक अनंत सिंह ने मांग की थी कि बिहार से शराबबंदी खत्म होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लागू कराने के समय मैंने भी समर्थन किया था, लेकिन लोग अभी भी शराब पी रहे हैं। सीएम हाउस पहुंचे आरएलएम विधायक माधव आनंद ने कहा कि शराबबंदी से सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है। सीएम चौधरी को इसकी समीक्षा करनी चाहिए। सीएम चौधरी ने कहा कि निशांत आने वाले दिनों में मंत्रिमंडल में अगर शामिल होते हैं तो मेरे लिए खुशी की बात होगी। उन्होंने कहा कि निशांत अभी सरकार में शामिल नहीं हुए हैं ये नीतीश कुमार और निशांत का फैसला है। मेरी इसमें कोई भूमिका नहीं है। मंत्रिमंडल में आने का फैसला भी उन्हीं का होगा। सिराज/ईएमएस 18अप्रैल26 --------------------------------