-इस्लाम का अहम फर्ज है हज, इस यात्रा का हर मुस्लिम के जीवन में विशेष महत्व नई दिल्ली,(ईएमएस)। हज 2026 की पवित्र यात्रा का आगाज़ हो गया है। शनिवार को 371 तीर्थयात्रियों का पहला जत्था दिल्ली से मक्का के लिए रवाना हुआ। इस मौके पर श्रद्धालुओं में उत्साह और आस्था का माहौल देखने को मिला। ये सभी यात्री इंदिरा गांधी एयरपोर्ट से सऊदी अरब के लिए रवाना हुए। यात्रा के दौरान सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया। तीर्थयात्रियों को हज यात्रा से जुड़ी आवश्यक जानकारी और दिशा-निर्देश पहले ही उपलब्ध करा दिए गए थे, ताकि उनकी यात्रा सुगम और सुरक्षित हो सके। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली हज कमेटी की चेयरपर्सन कौसर जहां भी इस अवसर पर मौजूद रहीं। उन्होंने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हज इस्लाम का एक अहम फर्ज है और यह यात्रा हर मुस्लिम के जीवन में विशेष महत्व रखता है। उन्होंने सभी यात्रियों की सुरक्षित और सफल यात्रा की शुभकामनाएं दीं। हज यात्रा के लिए हर साल देशभर से हजारों श्रद्धालु सऊदी अरब जाते हैं। इस बार भी बड़ी संख्या में भारतीय तीर्थयात्रियों के जाने की उम्मीद है। प्रशासन की ओर से यात्रियों के लिए बेहतर प्रबंधन और सुविधाएं तय की गई हैं, जिसमें आवास, स्वास्थ्य सेवाएं और यात्रा से संबंधित अन्य व्यवस्थाएं शामिल हैं। हज यात्रा को लेकर सरकार और संबंधित एजेंसियां लगातार तैयारियों में जुटी रहीं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। पहले जत्थे के रवाना होने के साथ ही आने वाले दिनों में अन्य जत्थों के भी भेजा जाएगा। इस पवित्र यात्रा के साथ न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक जुड़ा है, बल्कि यह विभिन्न संस्कृतियों और देशों के लोगों को एक साथ जोड़ने का भी माध्यम बनती है। सिराज/ईएमएस 18अप्रैल26