राष्ट्रीय
18-Apr-2026
...


-पुतला दहन के बीच पुलिस ने चलाई वाटर कैनन, दो सांसद व एक केंद्रीय मंत्री हिरासत में नई दिल्ली,(ईएमएस)। नई दिल्ली में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक पारित नहीं हो पाने के विरोध में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजधानी में प्रदर्शन करते हुए राहुल गांधी के आवास की ओर मार्च निकाला। इस मार्च में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में कई महिला सांसद शामिल रहीं। विपक्ष का विरोध कर रही महिला सांसदों व प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला जलाया और अपना विरोध दर्ज कराया। इस बीच स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हस्तक्षेप किया और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इस दौरान हल्का तनाव भी देखने को मिला। प्रदर्शन के बीच पुलिस ने कार्रवाई करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री आर खड्से, भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज और सांसद कमलजीत सेहरवाल को हिरासत में ले लिया। हालांकि बाद में स्थिति सामान्य करने के प्रयास जारी रहे। दरअसल, केंद्र सरकार ने शुक्रवार को लोकसभा में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक पेश किया था, लेकिन इसे पारित नहीं कराया जा सका। यह विधेयक 54 वोटों से गिर गया। विधेयक के पारित न होने के बाद एनडीए नेताओं ने विपक्ष को घेरने की रणनीति के तहत देश के अलग-अलग हिस्सों में विरोध प्रदर्शन शुरु किया है। वहीं विपक्ष इस मुद्दे पर सरकार को घेर रहा है। इससे राजनीतिक तनाव को और बढ़ गया है। हिदायत/ईएमएस 18अप्रैल26