अररिया, (ईएमएस)। बिहार के अररिया जिले में नशे के खिलाफ बिहार पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई तस्करों को गिरफ्तार किया है और भारी मात्रा में स्मैक बरामद की है। जानकारी के अनुसार, जोकिहाट थाना क्षेत्र में छापेमारी के दौरान पुलिस ने 186.57 ग्राम स्मैक, 19,526 रुपया नकद और एक मोबाइल फोन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं कुर्साकाटा थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी में संलिप्त एक तस्कर को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। इसके अलावा महलगांव थाना क्षेत्र में पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है, जहां छापेमारी के दौरान 204 ग्राम स्मैक, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। इस कार्रवाई में पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इस तरह कुल मिलाकर तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई में सात तस्करों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही नशा तस्करी के इस पूरे गिरोह को जड़ से खत्म करने के लिए आगे की कार्रवाई जारी है। - संतोष झा-१८ अप्रैल/२०२६/ईएमएस