राष्ट्रीय
18-Apr-2026
...


दूहरादून,(ईएमएस)। आगामी चार धाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह दिख रहा है। यात्रा के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होते ही पहले दिन कुल 18.25 लाख श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन कराया, जो एक रिकॉर्ड आंकड़ा बताया जा रहा है। जिला प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार, ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हुई, जिसमें पहले ही दिन 2713 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया। यह मैनुअल प्रक्रिया यात्रा के औपचारिक आरंभ से पहले शुरू की गई है, जबकि यात्रा की शुरुआत रविवार से होगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न ट्रांजिट पॉइंट्स पर विशेष टीमें तैनात की जा रही हैं, ताकि मौके पर ही पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध हो सके। ऑफलाइन पंजीकरण के आंकड़ों के अनुसार यमनोत्री के लिए 683, गंगोत्री के लिए 690, केदरनाथ के लिए 667 और ब्रदीनाथ के लिए 673 श्रद्धालुओं ने पहले दिन रजिस्ट्रेशन कराया। यह संख्या दिखाती है कि चारों धामों के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह बराबर बना हुआ है। वहीं, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया भी 6 मार्च से लगातार जारी है। अब तक करीब 18.23 लाख श्रद्धालु ऑनलाइन माध्यम से अपना पंजीकरण करा चुके हैं। ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों आंकड़ों को मिलाकर कुल संख्या 18.25 लाख तक पहुंच गई है, जो इस साल यात्रा के प्रति लोगों की बढ़ती रुचि को दर्शाती है। जिला प्रशासन ने यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। यातायात, स्वास्थ्य सेवाएं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले पंजीकरण अवश्य कराएं और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। चारधाम यात्रा हर साल लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र होती है और इस बार शुरुआती आंकड़े यह संकेत दे रहे हैं कि 2026 की यात्रा भी रिकॉर्ड तोड़ सकती है। आशीष दुबे / 18 अप्रैल 2026