क्षेत्रीय
18-Apr-2026


अंबरनाथ, (ईएमएस)। मुंबई से सटे अंबरनाथ में एक 32 वर्षीय युवक पर सिर्फ बीयर पिलाने से इनकार करने पर दो रिक्शा चालकों ने बेरहमी से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में युवक के दोनों हाथ फ्रैक्चर हो गए हैं और सिर पर भी गंभीर चोट आई है। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घायल युवक का नाम स्मितेश सुरेश पाटील है, जो एक निजी कंपनी में काम करता है। घटना अंबरनाथ पूर्व के यिनसीटी रोड स्थित एक बीयर शॉप के पास की है, जहां छुट्टी के दिन वह बैठा हुआ था। इसी दौरान उसके परिचित रिक्शा चालक महेश सूर्यवंशी और मंगेश तपासे वहां पहुंचे और उससे बीयर पिलाने की मांग करने लगे। स्मितेश ने पैसे न होने की बात कहकर इनकार किया, जिससे दोनों आरोपी भड़क गए। पहले उन्होंने गाली-गलौज शुरू की और देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि मंगेश तपासे ने बीयर की बोतल स्मितेश के कंधे और सिर पर फोड़ दी, जबकि महेश सूर्यवंशी ने लकड़ी के डंडे (बांस) से उस पर ताबड़तोड़ वार किए। हमले से बचने के लिए जब स्मितेश ने अपने हाथ आगे किए, तो लगातार प्रहार के कारण उसके दोनों हाथ और कलाई बुरी तरह फ्रैक्चर हो गए। सिर, पीठ और कंधे पर भी गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव किया, नहीं तो उसकी जान भी जा सकती थी। घायल स्मितेश को उल्हासनगर के मध्यवर्ती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके हाथ और कंधे में गंभीर फ्रैक्चर की पुष्टि की है। इस मामले में शिवाजीनगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। संतोष झा-१८ अप्रैल/२०२६/ईएमएस