क्षेत्रीय
18-Apr-2026


बेगूसराय, (ईएमएस)। बेगूसराय के जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय, बेगूसराय में तकनीकी विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण कार्य, पथ निर्माण, बाढ़ नियंत्रण, लघु सिंचाई तथा शहरी विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान कई योजनाओं के पूर्ण होने की जानकारी दी गई, वहीं कुछ परियोजनाओं में भूमि विवाद, निविदा प्रक्रिया में विलंब तथा तकनीकी कारणों से आ रही बाधाओं को भी चिन्हित किया गया। जिला पदाधिकारी ने इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी अड़चनों को शीघ्र दूर कर योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कार्यों में गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही शहरी योजनाओं जैसे पेयजल आपूर्ति, सीवरेज व्यवस्था और नमामि गंगे परियोजना की प्रगति को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। बैठक में आगामी बाढ़ को देखते हुए पूर्व तैयारी को मजबूत करने तथा नलकूपों के सुचारू संचालन पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही गई। इस दौरान संबंधित सभी विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे और अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। संतोष झा-१८ अप्रैल/२०२६/ईएमएस