राज्य
22-Apr-2026
...


सिरोंज (ईएमएस)।विश्व पृथ्वी दिवस पर आयोजित बाल संसद के अंतर्गत केडीबीएम इंटरनेशनल स्कूल, सिरोंज में एक प्रेरक एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन विद्यालय की डायरेक्टर श्वेता आनंद त्यागी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी जागरूकता एवं नेतृत्व क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ पृथ्वी संरक्षण के संकल्प के साथ हुआ। इसके पश्चात बाल संसद की कार्यवाही प्रारंभ हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने विभिन्न संवैधानिक भूमिकाएँ निभाते हुए संसद की कार्यप्रणाली का प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण किया। इस अवसर पर प्रत्यंचा रघुवंशी ने पीठासीन अधिकारी (स्पीकर) की भूमिका निभाई, वहीं दिव्यांश शर्मा ने प्रधानमंत्री के रूप में सदन का नेतृत्व किया। मंत्रिमंडल में हितैषी श्रीवास्तव ने पर्यावरण मंत्री, सोनम झा ने स्वास्थ्य मंत्री, देव शर्मा ने जल मंत्री एवं शौर्य नामदेव ने ऊर्जा मंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारियाँ निभाईं। वहीं केशव श्रीवास्तव ने विपक्ष के नेता के रूप में प्रभावशाली भूमिका निभाई। बाल संसद में अनन्या, अर्चित, चंचल, देव, दिव्यांश, इशांत, कार्तिक, निमिषा, प्रत्यंचा, शौर्य, तनीश, हितैषी, राधिका, रितिका, सक्षम, सोनम एवं वीर सहित अनेक विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की। संसद की कार्यवाही के दौरान विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संकट, जल संरक्षण, स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक मुक्त जीवन एवं हरित भविष्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर चर्चा की। विशेष रूप से बाल संसद में सर्वसम्मति से “प्रत्येक नागरिक द्वारा कपड़े के थैले का उपयोग अनिवार्य करने” संबंधी प्रस्ताव (बिल) पारित किया गया, जिसे पक्ष एवं विपक्ष दोनों का पूर्ण समर्थन प्राप्त हुआ। विद्यार्थियों ने बढ़ते प्रदूषण, जल की कमी एवं प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन पर चिंता व्यक्त करते हुए इसके समाधान के रूप में वृक्षारोपण, जल संरक्षण, प्लास्टिक के उपयोग में कमी, स्वच्छता बनाए रखने एवं ऊर्जा बचत जैसे महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने आकर्षक पोस्टरों, प्रभावशाली नारों एवं सशक्त प्रस्तुतियों के माध्यम से यह संदेश दिया कि यदि समय रहते हम जागरूक नहीं हुए, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए पृथ्वी को सुरक्षित रखना चुनौतीपूर्ण हो जाएगा। इस अवसर पर विद्यालय की डायरेक्टर श्वेता आनंद त्यागी ने अपने संबोधन में कहा—“आज के बच्चे ही हमारे भविष्य के निर्माता हैं। यदि उनमें प्रारंभ से ही पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी विकसित की जाए, तो हम एक स्वच्छ, सुरक्षित और समृद्ध पृथ्वी का निर्माण कर सकते हैं।” विद्यालय के शिक्षकों एवं प्रबंधन ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल एवं सामाजिक जिम्मेदारी का विकास करते हैं। विद्यालय की डायरेक्टर श्वेता आनंद त्यागी के मार्गदर्शन में आयोजित यह बाल संसद विद्यार्थियों के लिए एक शिक्षाप्रद अनुभव रहा तथा समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने में भी महत्वपूर्ण साबित हुआ। ईएमएस/ मोहने/ 22 अप्रैल 2026