देहरादून (ईएमएस)। उत्तराखंड क्रांति दल महानगर देहरादून के एक शिष्टमंडल ने महानगर अध्यक्ष प्रबीन चन्द रमोला के नेतृत्व में आईएसबीटी स्थित बिजली विभाग के उपखंड कार्यालय में एसडीओ से मुलाकात कर स्मार्ट मीटरों में सामने आ रही गंभीर अनियमितताओं का मुद्दा उठाया। इस दौरान कहा कि शीघ्र ही कार्रवाई न होने पर आंदोलन चलाया जाएगा। इस अवसर पर शिष्टमंडल ने अवगत कराया कि देहरादून के विभिन्न वार्डों में कई स्थानों पर एक व्यक्ति के नाम पर दर्ज मीटर अन्य उपभोक्ताओं के घरों में स्थापित पाए गए हैं, जिससे गलत बिलिंग, आर्थिक नुकसान एवं मानसिक परेशानियां उत्पन्न हो रही हैं। वहीं मुलाकात के दौरान एसडीओ ने स्वीकार किया कि अब तक लगाए गए लगभग 22 हजार स्मार्ट मीटरों में से 700 से अधिक शिकायतें विभाग के पास लंबित हैं, जिनके निस्तारण के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही निस्तारण कर दिया जाएगा। इस पर महानगर अध्यक्ष प्रबीन चन्द रमोला ने कहा कि स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत लागू की जा रही व्यवस्थाओं में सामने आ रही अनियमितताएं सरकार की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न खड़े करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन योजनाओं के माध्यम से विशेषकर पूंजीपतियों को फायदा पहुँचाने के कार्य सरकार द्वारा किए जा रहे हैं, जबकि आम जनता को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दून में स्मार्ट सिटी के नाम पर जो कार्य हो रहें है उसने शहर की व्यवस्था को अस्त-व्यस्त कर दिया है। स्मार्ट सिटी बनाने के नाम पर पूरे शहर का स्वरूप बिगाड़ दिया गया है जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/22 अप्रैल 2026