राज्य
22-Apr-2026


इन्दौर (ईएमएस) मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय खंडपीठ इन्दौर में जस्टिस विजयकुमार शुक्ला एवं जस्टिस आलोक अवस्थी की युगलपीठ के समक्ष नगर निगम द्वारा सप्लाई दूषित पानी से भागीरथपुरा में हुई मौतों के मामले में आज सुनवाई के दौरान न्यायिक जांच आयोग को अपनी रिपोर्ट पेश करना थी। लेकिन आयोग ने कोर्ट से फिर समय मांगा जिस पर कोर्ट ने रिपोर्ट पेश करने के लिए 14 जून तक की मोहलत दे सुनवाई की अगली तारीख 16 जून नियत की है। ज्ञात हो कि भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों के मामले में कोर्ट ने सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति सुशीलकुमार गुप्ता की अध्यक्षता में गठित आयोग को जांच सौंपी है। पिछली सुनवाई में जांच आयोग ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट कोर्ट में पेश की थी। इस पर कोर्ट ने आयोग को विस्तृत रिपोर्ट पेश करने के लिए और समय दिया था। इस मुद्दे को लेकर आधा दर्जन से ज्यादा जनहित याचिकाएं दायर की गई हैं। अब इन पर आयोग की रिपोर्ट आने के बाद सुनवाई होगी। आनंद पुरोहित/ 22 अप्रैल 2026