:: क्वार्टर फाइनल में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने दिखाए तेवर, महाराष्ट्र और गुजरात की चुनौती भी बरकरार :: इंदौर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश टेनिस संघ के तत्वावधान में इंदौर टेनिस क्लब पर आयोजित क्वींस कॉलेज ऑल इंडिया टैलेंट सीरीज जूनियर टेनिस टूर्नामेंट में बुधवार को मेजबान मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में जीत दर्ज कर बालक वर्ग में अद्वीथ भार्गव, रेयांश पटेल और बालिका वर्ग में दीविना धूपर व लावण्या शर्मा ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। अंडर-12 बालक एकल क्वार्टर फाइनल में मध्यप्रदेश के अद्वीथ भार्गव ने गुजरात के सान्या अग्रिया को 6-2, 6-3 से शिकस्त दी। एक अन्य मुकाबले में रेयांश पटेल ने अपनी लय बरकरार रखते हुए हमवतन समन्यु शुक्ला को 6-3, 6-0 से बाहर का रास्ता दिखाया। ओजस मिश्रा ने भी अर्जुन बिंद्रा को 6-1, 6-1 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया। हालांकि, अक्षज कुमार को महाराष्ट्र के विहान देवधर से कड़े संघर्ष के बाद 4-6, 7-5, 6-2 से हार का सामना करना पड़ा। अंडर-12 बालिका एकल में दीविना धूपर ने इरा सिंह के खिलाफ पहले सेट में कड़े प्रतिरोध के बाद 7-5, 6-0 से जीत दर्ज की। लावण्या शर्मा ने एकतरफा मुकाबले में सायेशा दशोरा को 6-0, 6-2 से पराजित किया। प्रिशा शर्मा ने एडीवा धाकड़ को 6-3, 6-0 से हराया, जबकि गुजरात की अरना खत्री ने अयाना पटवारी को 6-1, 6-1 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया। अंडर-12 बालक युगल वर्ग में अयांश संवत्सर और अर्जुन बिंद्रा की जोड़ी ने सान्या व सवीर अग्रिया को 3-6, 6-2, 11-9 के कड़े अंतर से हराकर उलटफेर किया। विहान देवधर और कियान बंसल की जोड़ी ने मानवीर सिंह व समन्यु शुक्ला को 6-4, 6-4 से शिकस्त दी। बालिका युगल में दीविना धूपर और साम्भवी सिंह की जोड़ी ने अनाया व वेदांशी को 6-0, 6-0 से हराकर अपना दबदबा साबित किया। आदिवा धाकड़ और रीत सोनी की जोड़ी ने भी लावण्या व जीविका को टाइब्रेकर में 6-3, 1-6, 10-5 से शिकस्त दी। प्रकाश/22 अप्रैल 2026