सतना(ईएमएस)। सतना जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-39 पर नेमुआ मोड़ के पास बुधवार सुबह सरिया लदा ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए नहर में गिर गया। हादसे में चालक, क्लीनर और एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने क्रेन और कटर मशीन की मदद से 4 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तीनों शव निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे और जांच शुरू की। जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना सुबह करीब 8 बजे राहगीरों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव शुरू किया। ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त था और शव अंदर फंसे थे। पुलिस ने क्रेन से ट्रक सीधा कर दो शव निकाले। तीसरा शव ट्रक की बॉडी में फंसा था, जिसे निकालने के लिए कटर मशीन का उपयोग करना पड़ा। पुलिस के अनुसार, हादसे में 3 में से 2 लोगों की शिनाख्त हो गई है। इनमें मैहर जिले के ग्राम पडरी निवासी दिलीप केवट (पिता राजेश केवट) और रामगढ़ निवासी विष्णु केवट (पिता माखनलाल केवट) शामिल हैं। तीसरे मृतक की पहचान नहीं हो पाई है और प्रयास जारी हैं। विनोद उपाध्याय / 22 अप्रैल, 2026