राज्य
22-Apr-2026


:: न्यायिक पहल : घरेलू और विदेशी विवादों का अब इंदौर में होगा त्वरित निराकरण; मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सचदेवा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़ेंगे :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय की इंदौर खंडपीठ के इतिहास में गुरुवार को एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। यहाँ मध्य प्रदेश घरेलू एवं अंतर्राष्ट्रीय मध्यस्थता केंद्र का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया है। प्रदेश के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजीव सचदेवा इस केंद्र का विधिवत शुभारंभ करेंगे। इस केंद्र की स्थापना से न केवल घरेलू, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर के कानूनी विवादों को आपसी सुलह और मध्यस्थता के माध्यम से सुलझाने में अभूतपूर्व गति मिलेगी। 23 अप्रैल को दोपहर 1:30 बजे आयोजित होने वाला यह समारोह इंदौर खंडपीठ के सभागृह में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संपन्न होगा। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय, जबलपुर के प्रशासनिक न्यायाधीश जस्टिस विवेक रूसिया और जस्टिस विजय कुमार शुक्ला की विशेष उपस्थिति रहेगी। न्यायिक क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि इस केंद्र के शुरू होने से अदालतों पर मुकदमों का बोझ कम होगा और पक्षकारों को कम समय व सीमित खर्च में सुलभ न्याय मिल सकेगा। :: न्याय के क्षेत्र में नया मील का पत्थर :: उच्च न्यायालय परिसर में स्थापित यह केंद्र अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है, जहाँ प्रशिक्षित मध्यस्थ जटिल से जटिल कानूनी विवादों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में सुलझाने का प्रयास करेंगे। विशेष रूप से व्यावसायिक और अंतर्राष्ट्रीय समझौतों से उपजे विवादों के लिए यह केंद्र एक सुगम मंच प्रदान करेगा। खंडपीठ के प्रशासनिक न्यायाधीशों और बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों की उपस्थिति में होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर विधिक गलियारों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। इंदौर के प्रमुख व्यापारिक केंद्र होने के नाते यहाँ अंतर्राष्ट्रीय मध्यस्थता केंद्र की स्थापना स्थानीय उद्योगों और विदेशी निवेशकों के लिए भविष्य में वरदान साबित होगी। इससे विवादों के वैकल्पिक समाधान की संस्कृति को नया विस्तार मिलेगा। प्रकाश/22 अप्रैल 2026