सीसीटीवी कवरेज, पैनिक बटन और सुरक्षा गार्ड व्यवस्था पर निर्देश बैंक प्रबंधकों की बैठक में सुरक्षा को लेकर की गई चर्चा पुलिस-बैंक समन्वय मजबूत करने पर दिया गया जोर बालाघाट (ईएमएस). मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले के बैढऩ स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में हुई डकैती के बाद अब बैंकों की सुरक्षा को लेकर सख्ती बरती जा रही है। बैंक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और पुलिस-बैंक समन्वय को बेहतर करने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के बैंक प्रबंधकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा संबंधी कई अहम निर्देश जारी किए गए। जिला पुलिस बालाघाट द्वारा बैंक सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस कंट्रोल रूम में बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संपन्न हुई, जिसमें जिले के विभिन्न राष्ट्रीयकृत एवं निजी बैंकों के शाखा प्रबंधकों के साथ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। संदिग्ध गतिविधि की तत्काल दें जानकारी बैठक में बैंक परिसरों की सुरक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और पुलिस एवं बैंक के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि सभी बैंक शाखाएं अपने संबंधित थाना एवं बीट अधिकारी के साथ नियमित संपर्क बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। बैंकों में नियुक्त होगा नोडल पुलिस अधिकारी समन्वय को प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक बैंक के लिए नोडल पुलिस अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही बैंक परिसरों में सीसीटीवी कैमरों का पूर्ण कवरेज सुनिश्चित करने और किसी भी प्रकार के ब्लाइंड स्पॉट को समाप्त करने पर बल दिया गया। बैठक में बैंक परिसर के अंदर और बाहर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, रात्रि के समय स्पष्ट दृश्यता बनाए रखने, प्रशिक्षित एवं हथियारयुक्त सुरक्षा गार्ड की तैनाती तथा पैनिक बटन एवं अलार्म सिस्टम को सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए। स्ट्रांग रुम की सुरक्षा रखें मजबूत इसके अलावा स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा मजबूत करने और कैश ट्रांजिट के दौरान पुलिस समन्वय सुनिश्चित करने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि बैंक स्टाफ को नियमित रूप से सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा समय-समय पर पुलिस और बैंक के संयुक्त मॉक ड्रिल आयोजित किए जाएंगे। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य जिले में बैंक सुरक्षा प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाना तथा पुलिस और बैंक के बीच त्वरित एवं प्रभावी समन्वय स्थापित करना है। भानेश साकुरे / 22 अप्रैल 2026