क्षेत्रीय
22-Apr-2026
...


एकोड़ी में किया गया 12 हैंडपंपों के जल का परीक्षण बालाघाट (ईएमएस). जिले की वारासिवनी तहसील के ग्राम एकोड़ी के वार्ड क्रमांक- 1 स्थित आंगनवाड़ी परिसर में स्थापित 12 हैंडपंपों के जल की गुणवत्ता की जांच फील्ड टेस्ट किट के माध्यम से की गई। परीक्षण के दौरान जल को 10 विभिन्न पैरामीटर पर परखा गया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री बीएल उईके ने बताया कि हैंडपंपों के जल परीक्षण परिणामों के अनुसार 12 में से 8 हैंडपंपों का जल पेय योग्य पाया गया, जिससे ग्रामीणों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो रहा है। वहीं शेष 4 हैंडपंपों में आयरन एवं टर्बिडिटी की मात्रा निर्धारित मानकों से अधिक पाई गई, जिसके कारण इनका पानी पीने योग्य नहीं है। संबंधित हैंडपंपों के जल का उपयोग केवल बाहरी कार्यों जैसे सफाई आदि के लिए करने की सलाह दी गई। इस दौरान ग्रामीणों को जल संरक्षण एवं जल के समुचित उपयोग के प्रति जागरूक किया गया तथा पानी बचाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए गए। कार्यक्रम में ग्राम सरपंच सरिता मेश्राम, सचिव अभिजीत सिंह चौहान, सहायक यंत्री विजय कुमार तिवारी, उपयंत्री शिवानी श्रीवास्त्री, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर प्रतांशी पाठक एवं आंगनवाड़ी सहायिका बसंती हिरकने सहित अन्य ग्रामीणजन उपस्थित रहे। भानेश साकुरे / 22 अप्रैल 2026