क्षेत्रीय
22-Apr-2026


मुंगेर, (ईएमएस)। बिहार पुलिस ने अवैध हथियार कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से भारी मात्रा में देशी आग्नेयास्त्र और मैगजीन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, बरियारपुर थाना क्षेत्र में थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि एनएच-80 स्थित कुबरकट्टा पुल के पास एक लाल रंग के हाफ डाला पियाजो टेम्पू पर कुछ लोग अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री करने वाले हैं। सूचना के सत्यापन के बाद त्वरित कार्रवाई के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो दो संदिग्ध व्यक्ति वाहन देखकर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन सशस्त्र बल की मदद से उन्हें घेरकर पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान वाहन और आरोपियों के पास से कुल 15 देशी पिस्टल (मैगजीन सहित) और 15 अतिरिक्त मैगजीन बरामद किए गए। इस तरह कुल 30 मैगजीन जब्त की गई हैं। इसके अलावा, दोनों आरोपियों के पास से एक-एक मोबाइल फोन, एक दोपहिया वाहन और एक हाफ डाला पियाजो टेम्पू भी जब्त किया गया है, जिसका इस्तेमाल हथियारों की ढुलाई में किया जा रहा था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। आशंका है कि यह गिरोह बड़े स्तर पर हथियारों की तस्करी में शामिल रहा है। पुलिस इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और इसके स्रोत तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। संतोष झा-२२ अप्रैल/२०२६/ईएमएस