क्षेत्रीय
22-Apr-2026
...


भागलपुर, (ईएमएस)। बिहार के भागलपुर जिले के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 8.15 ग्राम ब्राउन शुगर और 8,650 नगद के साथ सात अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें पुलिस ने त्वरित छापेमारी कर आरोपियों को दबोच लिया। नगर पुलिस अधीक्षक, भागलपुर ने इस संबंध में बताया कि पुलिस को इलाके में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की सूचना मिल रही थी। सूचना के सत्यापन के बाद टीम गठित कर छापेमारी की गई, जहां से ब्राउन शुगर के साथ सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से नकद राशि भी बरामद हुई है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि ब्राउन शुगर की आपूर्ति कहां से हो रही थी और इसका वितरण किन-किन क्षेत्रों में किया जा रहा था। नगर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह के अवैध कार्यों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। संतोष झा-२२ अप्रैल/२०२६/ईएमएस