जमीन प्लॉटिंग के नाम पर 63 लाख रुपए की धोखाधड़ी का आरोप एक साल बाद 1.25 करोड़ लौटाने का था आश्वासन, नहीं मिली रकम बालाघाट (ईएमएस). जिले में भरोसे के रिश्तों के बीच पैसों की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। आवेदक जितेंंद्र भगत, विनोद भगत और मनीषा भगत ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया है कि जमीन प्लॉटिंग के नाम पर लाखों रुपए लेकर उन्हें ठगा गया और बाद में राशि लौटाने के बजाय टालमटोल किया जा रहा है। आवेदकों ने एसपी को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि दिलीप पिता शिवराम भैरम और वैभव सिंह पिता स्व. रमाशंकर बिसेन दोनों निवासी गर्रा द्वारा उनके साथ विश्वास का दुरुपयोग कर बड़ी रकम हड़प ली गई। शिकायत के अनुसार आवेदकों और अनावेदकों के बीच लंबे समय से पारिवारिक व मधुर संबंध थे, जिसका फायदा उठाते हुए निवेश के नाम पर राशि ली गई। आवेदकों का कहना है कि जमीन खरीदकर प्लॉटिंग के कार्य में निवेश कराने के नाम पर उनसे चरणबद्ध तरीके से करीब 63 लाख रुपए लिए गए। इसमें बैंक चेक के माध्यम से 40 लाख, 20 लाख और 3 लाख रुपए नकद शामिल हैं। बदले में एक वर्ष के भीतर लाभ सहित करीब 1.25 करोड़ रुपए लौटाने का आश्वासन दिया गया था। शिकायत में बताया गया है कि तय समय बीत जाने के बाद भी राशि वापस नहीं की गई। जब आवेदकों ने पैसा मांगा तो उन्हें टालमटोल किया गया और बार-बार अलग-अलग बहाने बनाए गए। यहां तक कि आरोप है कि अनावेदकों ने राजनीतिक प्रभाव का हवाला देते हुए विवाद की स्थिति पैदा की और झूठे आश्वासन देकर समय निकालते रहे। इतना ही नहीं उन्होंने उनके खिलाफ सिविल न्यायालय में भ्रामक तथ्यों के आधार पर प्रकरण दायर किया, ताकि उन्हें उलझाया जा सके। साथ ही कॉल डिटेल्स का गलत इस्तेमाल कर पुलिस में झूठी शिकायत करने की बात भी सामने आई है। शिकायत में अनावेदकों को आपराधिक प्रवृत्ति का बताते हुए उसके खिलाफ पूर्व में दर्ज मामलों का भी उल्लेख किया गया है। आवेदकों ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस द्वारा शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू किए जाने की संभावना है। भानेश साकुरे / 22 अप्रैल 2026