क्षेत्रीय
22-Apr-2026


बालाघाट (ईएमएस). रबी विपणन मौसम 2026-27 के तहत जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन का कार्य शुरू कर दिया गया हैं। जिले में किसानो से समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी के लिए 13 केंद्र बनाये गए है। इन केंद्रो पर 15 अप्रैल से खरीदी प्रारंभ कर दी गई है। 22 अप्रैल तक जिले के 54 किसानों से 916 क्विंटल गेहूं की समर्थन मूल्य पर खरीदी की जा चुकी है। जिले के 4388 किसानों ने समर्थन मूल्य पर गेहूं विक्रय के लिए अपना पंजीयन कराया है। जिला आपूर्ति अधिकारी आरके ठाकुर ने बताया कि इस वर्ष गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। इस पर शासन द्वारा 40 रुपए प्रति क्विंटल बोनस दिया जा रहा है। इस प्रकार किसानों को प्रति क्विंटल गेहूँ का दाम 2625 रुपए प्राप्त होगा। रबी विपणन वर्ष 2026-27 में गेहूं उपार्जन के लिए किसानों की स्लॉट बुकिंग की अंतिम तिथि 30 अप्रैल निर्धारित की गई है। निर्धारित तिथि के पश्चात स्लॉट बुकिंग की प्रक्रिया संभव नहीं होगी। गेहूं विक्रय के लिए पंजीयन कराने वाले किसानों से अपील की गई है कि 30 अप्रैल तक स्लॉट बुकिंग अनिवार्य रूप से कर ले। भानेश साकुरे / 22 अप्रैल 2026