योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करने के दिए निर्देश बालाघाट (ईएमएस). जिला पंचायत बालाघाट की सामान्य प्रशासन समिति की बैठक 22 अप्रैल को दोपहर 1 बजे जिला पंचायत कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष सम्राट सिंह सरसवार ने की। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष योगेश राजा लिल्हारे, सीईओ जिला पंचायत अभिषेक सराफ, सभी समितियों के सभापति एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की अजेंडावार समीक्षा की गई। पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान अध्यक्ष सरसवार ने पशु प्रक्षेत्र गढ़ी में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने एवं पशु प्रजनन केंद्रों में संचालित योजनाओं की जानकारी और मॉनिटरिंग पर जोर दिया। महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान योजनाओं की प्रगति से सदस्यों को अवगत कराया गया। अध्यक्ष ने विशेष रूप से आंगनवाड़ी केंद्रों में पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। बैठक में विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान गढ़ी क्षेत्र की कान्हा नेशनल पार्क से सटी पंचायतों में वन्य प्राणियों के विचरण को ध्यान में रखते हुए किसानों के लिए खेतों में बिजली आपूर्ति का समय बढ़ाने की आवश्यकता जताई गई। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान उपाध्यक्ष योगेश राजा लिल्हारे ने जिला चिकित्सालय में रात्रिकालीन आकस्मिक चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया। बैठक के अंत में मत्स्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा की गई तथा सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि वे योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें और निर्धारित समयसीमा में ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण करें। भानेश साकुरे / 22 अप्रैल 2026