राज्य
22-Apr-2026


बिना सक्षम स्वीकृति के कोई भी अधिकारी/कर्मचारी अवकाश न लें निगम के सभी कर्मचारी जनगणना-2027 के तहत स्वगणना फार्म अनिवार्य रूप से भरें भोपाल(ईएमएस)। निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन ने निगम कार्यों एवं समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया है कि स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत स्वच्छता कार्यों हेतु जोन में पदस्थ नोडल अधिकारी अपने कार्य क्षेत्र में नियत समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित हों और स्वच्छता संबंधी कार्यों का बेहतर ढंग से पर्यवेक्षण करें। निगम आयुक्त श्रीमती जैन ने निर्देशित किया कि कोई भी अधिकारी/कर्मचारी बिना सक्षम स्वीकृति के अवकाश न लें साथ ही जनगणना-2027 के प्रथम चरण में निगम के सभी कर्मचारी/अधिकारी के ऑन लाईन स्वगणना फार्म अनिवार्य रूप से भरवाने हेतु भी निर्देशित किया। निगम आयुक्त श्रीमती जैन ने समग्र के.वॉय.सी. हेतु प्रत्येक वार्ड में समग्र प्रभारी के रूप में एक कर्मचारी तैनात करने, सड़कों से सी.एण्ड.डी वेस्ट मटेरियल तत्काल हटवाकर निष्पादन स्थल पर पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में अपर आयुक्तगण, उपायुक्तगण सहित निगम के अन्य अधिकारीगण मौजूद थे। निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन ने बुधवार को आई.एस.बी.टी. स्थित निगम कार्यालय के सभाकक्ष में निगम कार्यों एवं समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा की। निगम आयुक्त श्रीमती जैन ने स्वच्छ सर्वेक्षण सहित अन्य कार्यों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। निगम आयुक्त श्रीमती जैन ने स्वच्छता संबंधी कार्यों के पर्यवेक्षण हेतु तैनात सभी नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह नियत समय पर अपने अधीनस्थ क्षेत्रों में स्वच्छता संबंधी कार्यों का पर्यवेक्षण करें और स्वच्छता संबंधी कार्य बेहतर ढंग से सुनिश्चित कराएं। निगम आयुक्त श्रीमती जैन ने स्वच्छता कार्य से संलग्न कर्मचारियों के समय पर उपस्थित न होने पर भी नाराजगी व्यक्त की और सभी कर्मचारियों की उपस्थिति निर्धारित समयानुसार सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। निगम आयुक्त श्रीमती जैन ने ऐसे अधिकारी/कर्मचारी जिनके पास अन्य विभागों के कार्यों के साथ ही स्वच्छता संबंधी कार्यों की जिम्मेदारी है उन्हें स्वच्छता संबंधी कार्यों से पृथक करने के निर्देश दिए। निगम आयुक्त श्रीमती जैन ने निर्देशित किया कि कोई भी अधिकारी/कर्मचारी सक्षम अधिकारी की स्वीकृति के बिना अवकाश ग्रहण न करें। निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन ने सड़कों पर पडे निजी व शासकीय संस्थाओं के सी.एण्ड.डी वेस्ट को तत्काल उठवाकर निष्पादन स्थल पर पहुंचाने, नाला/नालियों की बेहतर ढंग से साफ-सफाई कराने, फुटपाथों से ठेले आदि को हटाने, समस्त वार्ड कार्यालयों में समग्र के.वॉय.सी हेतु समग्र प्रभारी के रूप में एक कर्मचारी तैनात करने के निर्देश दिए। निगम आयुक्त श्रीमती जैन ने कहा कि समग्र पोर्टल से समग्र आई.डी. डिलीट करने की जिम्मेदारी वार्ड प्रभारियों की है ऐसे में वार्ड प्रभारी अपनी आई.डी का उपयोग कर आई.डी. डिलीट करने का कार्य करें। निगम आयुक्त श्रीमती जैन ने निर्देशित किया कि निगम के सभी कर्मचारी जनगणना-2027 के तहत ऑन लाईन स्वगणना फार्म भरें ताकि जनगणना हेतु आने वाले प्रगणकों को कम समय में सटीक जानकारी प्राप्त हो और वह जनगणना संबंधी कार्यों को सरलता, सुगमता एवं सटीक तौर पर सुनिश्चित कर सके। हरि प्रसाद पाल / 22 अप्रैल, 2026