:: पशुओं के लिए रेबीज टीकाकरण और औषधियों का होगा नि:शुल्क वितरण; 25 अप्रैल को सुबह 9 बजे से शुरू होगा आयोजन :: इंदौर (ईएमएस)। विश्व पशु चिकित्सा दिवस के उपलक्ष्य में शहर के पशुपालकों और जीव प्रेमियों के लिए राहत भरी खबर है। प्रांतीय राजपत्रित पशु चिकित्सक संघ एवं पशुपालन एवं डेयरी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 25 अप्रैल, शनिवार को एक वृहद नि:शुल्क पशु स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन राज मोहल्ला स्थित पशु चिकित्सालय (एमओजी लाइन) में प्रातः 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक संपन्न होगा। शिविर के दौरान पशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए कई महत्वपूर्ण सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इसमें विशेष रूप से श्वानों के लिए रेबीज टीकाकरण, सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, कृत्रिम गर्भाधान और गर्भ परीक्षण की सुविधाएं दी जाएंगी। इसके साथ ही बीमार पशुओं के लिए नि:शुल्क औषधियों का वितरण भी किया जाएगा। आयोजन का मुख्य उद्देश्य पशुओं को गंभीर बीमारियों से बचाना और पशुपालकों को आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों के प्रति जागरूक करना है। :: पशुपालकों से लाभ उठाने की अपील :: विभागीय अधिकारियों और चिकित्सक संघ ने समस्त पशुपालकों, गौ-सेवकों और स्वान प्रेमियों से आग्रह किया है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं। समय पर टीकाकरण और स्वास्थ्य परीक्षण न केवल पशुओं की आयु बढ़ाता है, बल्कि इंसानों में पशुओं से फैलने वाले संक्रमण (जैसे रेबीज) को रोकने में भी सहायक होता है। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उपस्थित रहेगी, जो पशुपालन से जुड़ी जिज्ञासाओं का समाधान भी करेगी। प्रकाश/22 अप्रैल 2026