राज्य
22-Apr-2026


पटना, (ईएमएस)। बिहार की राजधानी पटना में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसलों पर मुहर लगाई गई। मुख्य सचिवालय स्थित मंत्रिमंडल कक्ष में बुधवार शाम 6 बजे शुरू हुई इस बैठक में कुल 22 एजेंडों को मंजूरी दी गई। दरअसल बिहार में नई सरकार के गठन के बाद कैबिनेट की दूसरी बैठक बुधवार दिनांक 22 अप्रैल को बुलाई गई थी। इससे पहले मुख्यमंत्री बनने के तुरंत बाद 15 अप्रैल को सम्राट चौधरी ने कैबिनेट की पहली बैठक की थी। दिल्ली से लौटने के बाद मुख्यमंत्री फिर एक्शन में आ गए हैं और उन्होंने 6 दिन बाद फिर से कैबिनेट की बैठक बुला ली। बैठक में 22 अहम एजेंडो पर मुहर लगी है। इस बैठक में दोनों उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेन्द्र यादव मौजूद रहे। आपको बता दें कि अभी कैबिनेट का विस्तार नहीं हो सका है और सभी विभाग मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्री के पास हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दिल्ली गये हुए थे, वे बुधवार को ही पटना लौटे हैं। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही कैबिनेट का विस्तार कर लिया जाएगा। संतोष झा-२२ अप्रैल/२०२६/ईएमएस