:: आबकारी टीम की कार्रवाई : घेराबंदी देख वाहन छोड़ झाड़ियों में भागा तस्कर; 86 हजार का माल बरामद :: इंदौर (ईएमएस)। जिले में अवैध मदिरा के परिवहन और विक्रय पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी सफलता हासिल की है। कलेक्टर शिवम वर्मा के आदेश और सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के निर्देशन में वृत्त आंतरिक-2 की टीम ने बीजलपुर क्षेत्र में दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध देशी मदिरा जब्त की है। वृत्त प्रभारी जया मुजाल्दे ने बताया कि मंगलवार सायंकालीन गश्त के दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि ट्रेजर टाउन कॉलोनी के पीछे छापरी नामक स्थान पर अवैध शराब की खेप पहुँचने वाली है। सूचना के आधार पर जब आबकारी टीम ने मौके पर घेराबंदी की, तो एक संदिग्ध दोपहिया वाहन सवार टीम को देखते ही सतर्क हो गया। आरोपी अपना वाहन मौके पर ही छोड़ झाड़ियों और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 75 पाव देशी मसाला और प्लेन मदिरा बरामद हुई। आबकारी विभाग ने अवैध शराब और तस्करी में प्रयुक्त दोपहिया वाहन को जब्त कर लिया है, जिसकी कुल कीमत लगभग 86 हजार रुपये आंकी गई है। अज्ञात आरोपी के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक जया मुजाल्दे, आबकारी आरक्षक उस्मान मिर्जा, एलन बघेल और चालक रफीक की सराहनीय भूमिका रही। विभाग अब फरार आरोपी की शिनाख्त और उसकी तलाश में जुटा है। प्रकाश/22 अप्रैल 2026