राज्य
22-Apr-2026


पटना, (ईएमएस)। बिहार की राजधानी पटना में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसलों पर मुहर लगाई गई। मुख्य सचिवालय स्थित मंत्रिमंडल कक्ष में बुधवार शाम 6 बजे शुरू हुई इस बैठक में कुल 22 एजेंडों को मंजूरी दी गई। बैठक में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के साथ-साथ महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बड़ा निर्णय लिया गया। सरकार ने महिला पुलिस कर्मियों (पुलिस दीदी) के लिए 1500 स्कूटी खरीदने की स्वीकृति दी है। इन स्कूटियों का उपयोग शहरी क्षेत्रों में स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के आसपास गश्ती के लिए किया जाएगा, जिससे महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इस योजना के तहत प्रति स्कूटी 1.25 लाख रुपये की दर से कुल 18 करोड़ 75 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा, पुरुष पुलिस कर्मियों के लिए 3200 मोटरसाइकिल खरीदने की भी मंजूरी दी गई है। प्रत्येक मोटरसाइकिल पर 1.50 लाख रुपये की लागत आएगी, जिसके लिए कुल 48 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। महिला और पुरुष पुलिस कर्मियों के लिए स्कूटी और मोटरसाइकिल खरीद पर कुल 66 करोड़ 75 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इस प्रस्ताव को कैबिनेट से प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है। संतोष झा-२२ अप्रैल/२०२६/ईएमएस