:: शिकायतकर्ता का ही निकला नाले पर कब्जा; 12 अन्य अतिक्रमणकारियों पर भी चला प्रशासन का डंडा :: इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा अनुरूप आयोजित होने वाली जनसुनवाई आमजन की समस्याओं के निराकरण का सशक्त माध्यम बनती जा रही है। मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में प्राप्त एक शिकायत पर कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम अम्बामोलिया (तहसील खुड़ैल) में रास्ते और नाले पर किया गया अतिक्रमण हटाकर ग्रामीणों की राह आसान कर दी है। ग्राम अम्बामोलिया निवासी उमेश गंगोलिया ने कलेक्टर से शिकायत की थी कि उनके घर के समीप स्थित 9 फीट चौड़े नाले और रास्ते पर अतिक्रमण होने के कारण गंदगी फैल रही है, जिससे स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है। प्रार्थी ने घर में आगामी शादी समारोह का हवाला देते हुए मेहमानों की सुरक्षा के लिए रास्ता साफ कराने की गुहार लगाई थी। कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम प्रियंका चौरसिया ने जब मौके पर जांच कराई, तो मामला कुछ और ही निकला। जांच में पाया गया कि शिकायतकर्ता उमेश ने स्वयं ही नाले पर 3x30 फीट का अतिक्रमण कर रखा था। :: 12 अन्य लोगों के कब्जे भी हटाए :: प्रशासनिक अमले ने निष्पक्षता दिखाते हुए न केवल शिकायतकर्ता उमेश का अतिक्रमण ढहाया, बल्कि नाले के आसपास कब्जा जमाए बैठे अन्य 12 लोगों के अतिक्रमण पर भी बुलडोजर चलाया। मौके पर अतिक्रमण हटाकर अस्थाई रूप से रास्ता सुगम कराया गया है। साथ ही, ग्राम पंचायत को निर्देशित किया गया है कि जल निकासी के लिए यहाँ जल्द ही पक्के नाले का निर्माण कराया जाए ताकि भविष्य में जलभराव या गंदगी की स्थिति निर्मित न हो। :: ग्रामीणों ने सराही प्रशासन की मुस्तैदी :: इस त्वरित कार्रवाई से अम्बामोलिया के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है और जिला प्रशासन की मुस्तैदी की सराहना की। ग्रामीणों का कहना है कि जनसुनवाई के माध्यम से उनकी समस्याओं का इतनी जल्दी समाधान होगा, इसकी उन्होंने अपेक्षा नहीं की थी। प्रशासन की इस सख्ती से अब सरकारी जमीनों और नालों पर कब्जा करने वालों में हड़कंप है। प्रकाश/22 अप्रैल 2026