राज्य
22-Apr-2026


:: महूगांव पुल की खराब स्थिति को देख कलेक्टर ने लगाया प्रतिबंध; भारी वाहन तेजाजी नगर होकर निकलेंगे :: इंदौर (ईएमएस)। औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर और इंदौर को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण महू-घाटाबिल्लौद मार्ग पर यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। महूगांव स्थित पुल की जर्जर स्थिति को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी शिवम वर्मा ने इस मार्ग पर यातायात को तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित करने के आदेश जारी किए हैं। मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम द्वारा किए गए तकनीकी निरीक्षण में पुल की स्थिति अत्यधिक चिंताजनक पाई गई थी, जिससे किसी भी समय बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। यह मार्ग पीथमपुर के उद्योगों और यात्री बसों के लिए लाइफलाइन माना जाता है। पुल की खराब हालत को देखते हुए प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनहानि को रोकने के लिए आवागमन बंद करना आवश्यक था। योजना के अनुसार, जर्जर पुल के स्थान पर नए पुल का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा, जिसे मानसून की दस्तक से पूर्व पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। :: यातायात के लिए ये रहेंगे वैकल्पिक मार्ग :: - सिमरोल की ओर से : सिमरोल से महू-पीथमपुर आने वाले भारी वाहनों को तेजाजी नगर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन तेजाजी नगर से फोरलेन होते हुए पीथमपुर जा सकेंगे। - पीथमपुर चौपाटी की ओर से : पीथमपुर से महू-सिमरोल जाने वाले भारी वाहनों को एबी रोड इंदौर की ओर भेजा जाएगा, जो तेजाजी नगर से सिमरोल होते हुए खंडवा की ओर जा सकेंगे। - छोटे वाहनों के लिए : हल्के और छोटे वाहनों की सुविधा के लिए जर्जर पुल के पास ही एक वैकल्पिक मार्ग तैयार किया गया है, जहाँ से वे गुजर सकेंगे। जिला प्रशासन ने आमजन और वाहन चालकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए निर्धारित डायवर्जन प्लान का पालन करें और सहयोग करें। प्रकाश/22 अप्रैल 2026