भोजपुर, (ईएमएस)। बिहार पुलिस की तत्परता और सटीक कार्रवाई के चलते एक बड़े अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। साइबर थाना, भोजपुर की टीम ने तकनीकी जांच और मानवीय सूचना के आधार पर इस गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 53,85,046 रूपये की ठगी का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी बैंक खाते खुलवाकर विभिन्न राज्यों से ठगी की रकम मंगाते थे और फिर चेक तथा नकासी के माध्यम से पैसे निकाल लेते थे। इस गिरोह द्वारा आरा स्थित उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक में फर्जी खाते खोले जाने की बात सामने आई है, जिनका उपयोग ठगी की राशि ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 1 मोबाइल फोन, 10 चेकबुक, 4 पासबुक और 1 एटीएम कार्ड बरामद किया गया है, जो इस संगठित ठगी नेटवर्क के संचालन में उपयोग किए जा रहे थे। जांच में यह भी सामने आया है कि इस गिरोह के तार पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, कर्नाटक, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश जैसे कई राज्यों से जुड़े हुए हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और आगे की कार्रवाई जारी है। बिहार पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान कॉल, मैसेज या लिंक पर अपनी बैंकिंग जानकारी साझा न करें और सतर्क रहें, ताकि इस तरह की साइबर ठगी से बचा जा सके। संतोष झा-२२ अप्रैल/२०२६/ईएमएस