राज्य
22-Apr-2026


औरंगाबाद, (ईएमएस)। सक्रिय पुलिसिंग के तहत बिहार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर थाना क्षेत्र में 08 अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बुधवार दिनांक 22 अप्रैल को मिली एक महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर की गई। बताया गया है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग चार चक्का वाहन से औरंगाबाद जिला अतिथि गृह में जबरन घुस आए हैं। आरोप है कि उन्होंने हथियार का भय दिखाकर कमरे खुलवाए और वहां ठहरे गणमान्य लोगों के साथ अभद्र व्यवहार किया। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर सभी आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 01 दोनाली बंदूक, 01 पिस्टल, 02 पिस्टल की मैगजीन और 38 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके अलावा कुछ अन्य संदिग्ध सामान भी जब्त किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि उनका आपराधिक इतिहास क्या रहा है और इस घटना के पीछे उनकी मंशा क्या थी। साथ ही, इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है। संतोष झा-२२ अप्रैल/२०२६/ईएमएस