गांधीनगर (ईएमएस)| मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने राज्य में 26 अप्रैल को होने वाले स्थानीय स्वराज संस्थाओं के चुनाव में सभी नागरिकों से 100 प्रतिशत मतदान करने की अपील की है। उन्होंने लोकतंत्र के इस पवित्र महापर्व में राज्य के सभी मतदाताओं से उत्साहपूर्वक मतदान करने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि लोकतंत्र में मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का पवित्र कर्तव्य भी है। उन्होंने कहा कि हर एक वोट राज्य के गांवों, तालुकों, जिलों और शहरों के सर्वांगीण विकास को नई गति देगा। उन्होंने राज्य के सभी मतदाताओं से 26 अप्रैल को अपने मतदान केंद्र तक अवश्य पहुंचकर मतदान करने तथा परिवारजनों, मित्रों और पड़ोसियों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने “100 प्रतिशत मतदान” का संकल्प लेकर लोकतंत्र के इस महापर्व को सफल बनाने का आह्वान किया। साथ ही विकसित भारत से विकसित गुजरात के निर्माण के लिए स्थानीय स्वराज संस्थाओं के इस चुनाव में 26 अप्रैल, रविवार को सभी नागरिकों से मतदान अवश्य करने की हार्दिक अपील की। सतीश/25 अप्रैल