- ढाई साल की मासूम बच्ची को श्योपुर के पास लावारिस छोड़ हुए फरार - केयर-टेकर महिला की मदद से सुलझी गुत्थी - आरोपी पति-पत्नि को श्योपुर पुलिस ने लिया हिरासत में - दंपत्ति बच्ची को कहॉ से लाये किसी को नहीं बताया, पुलिस को मानव तस्करी की आंशका भोपाल(ईएमएस)। राजधानी भोपाल के एक दंपती ने यहॉ से 400 किलोमीटर दूर श्योपुर के पास ढाई साल की मासूम बच्ची को छोड़कर फरार हो गए। घटना 18 अप्रैल की है, जॉच के दौरान मिले सुरागो के आधार पर श्योपुर पुलिस ने भोपाल आकर दंपती को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। लेकिन बच्ची के असली माता-पिता की जानकारी फिलाहाल सामने नहीं आ सकी है। पूरी गुत्थी मासूम बच्ची के साथ ही आरोपी दंपत्ति के दो बच्चे की देखरेख करने वाली महिला केयर टेकर बबीता से मिली जानकारी के बाद सुलझ सकी। महिला केयर टेकर ने पुलिस को बताते हुए दावा किया है कि बच्ची जब तीन महीने की थी, तब दंपत्ति आकाश और कृतिका उसे लेकर आए थे। लेकिन वह उसे कहां से लाए, कैसे लाए इस बारे में किसी को नहीं बताया। जबकि दोनों के पास पहले ही दो बच्चे थे। वह दोनों बच्ची को मारते-पीटते थे। बाद में जब तीन महीने तक काम करने के बाद बबीता को सैलरी नहीं मिली तब उसने काम छोड़ दिया। - ईंट भट्टे पर काम करने वाले मजदूर ने बच्ची को हाईवे पर घूमते देखा जानकारी के अनुसार मानपुर थाना इलाके में सोंईकलां के पास एक ईंट भट्टे पर काम करने वाले मजदूर ने बच्ची को श्योपुर के टोंक-चिरगांव नेशनल हाईवे पर अकेले घूमते देखा था। उसकी सूचना पर तत्काल डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को अपने सरंक्षण में लिया। मासूम बच्ची अपने घर का पता या माता-पिता के संबध में कोई जानकारी नहीं दे पा रही थी। पुलिस ने बच्ची को सीडब्ल्यूसी के समक्ष पेश कर उसे वन स्टॉप सेंटर भेज दिया। - सोशल मीडियो कैंपेन के जरिये बबीता को लगी जानकारी स्थानीय लोगों ने भी सोशल मीडिया पर बच्ची की पहचान के लिए कैंपेन शुरू किया था। सोशल मीडिया पर बच्ची की तस्वीरें देखने के बाद भोपाल की रहने वाली बबीता ने श्योपुर संपर्क कर अपना नाम बबीता बताते हुए बताया की वह भोपाल के लालघाटी क्षेत्र में रहती है। उसने दावा किया कि वह बच्ची की केयर टेकर रही है। बच्ची को भोपाल के एयरपोर्ट रोड में रहने वाले आकाश और कृतिका नाम के दंपती ने गोद लिया था। वह बच्ची के साथ मारपीट करते थे।महिला से मिली जानकारी के आधार पर श्योपुर के मानपुर थाने की पुलिस भोपाल पहुंची यहॉ बच्ची की केयर टेकर बबीता ने उन्हें बताया कि उसने तीन महीने तक बच्ची की देखभाल की है। तस्वीर से उसकी पहचान करने के बाद उन्होंने ही श्योपुर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद वह एयरपोर्ट रोड आसाराम चौराहा पर स्थित सेवा सदन के करीब कॉलोनी में रहने वाले आकाश के घर तक पुलिस को वह लेकर पहुंची थीं। वहां से पुलिस ने आकाश और उसकी पत्नी कृतिका को हिरासत में लिया। दोनों को पुलिस साथ ले गई है। - पति ने स्वीकारी बच्ची को श्योपुर में छोड़ने की बात आकाश ने स्वीकार किया है, कि बच्ची को उसी ने श्योपुर में छोड़ा था। पुलिस मामले में मानव तस्करी एंगल पर भी जांच करते हुए दंपती के पास पहले से मौजूद बच्चों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। आरोपी बच्ची को कहां से और कैसे लाए। क्या बच्ची की खरीद फरोख्त की गई है, इस बिंदु पर भी पुलिस दंपती से जानकारी जुटा रही है। वहीं पुलिस बच्ची के परिजनों के बारे में की जानकारी जुटाने के लिये आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के प्रकरणो को भी खंगाल रही है। जुनेद / 23 अप्रैल