- आंदोलन को मिला भाजपा नेताओ का समर्थन - महिलाएं सड़को पर उतरी, दी चेतवानी, दुकान बंद नहीं हुई तो हम ताला बंदी करेंगे भोपाल(ईएमएस)। राजधानी भोपाल में अवैध एवं संवेदनशील क्षेत्रों में संचालित अवैध शराब दुकानों के खिलाफ स्थानीय नागरिकों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को अरेरा कॉलोनी स्थित आर्य समाज मंदिर के समीप संचालित शराब दुकान के विरोध में क्षेत्रीय रहवासियों और भारी संख्या में स्थानीय महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान यहां बीजेपी पार्षद भी शराब दुकान का विरोध करते हुए मैदान में उतर आईं। उल्लेखनीय है कि यह शराब दुकान आर्य समाज मंदिर से मात्र लगभग 40 मीटर की दूरी पर संचालित हो रही है, जिसे लेकर पिछले एक साल से क्षेत्रीय निवासी और कांग्रेस लगातार विरोध कर रहे है। रहवासियों का कहना है, कि धार्मिक स्थल के इतने नजदीक शराब दुकान का संचालन न केवल सामाजिक मर्यादाओं के खिलाफ है, बल्कि क्षेत्र के वातावरण को भी प्रभावित कर रहा है। इस संबंध में रहवासियों द्वारा कई बार जिला प्रशासन एवं आबकारी विभाग को लिखित एवं मौखिक शिकायतें की जा चुकी हैं। इतना ही नहीं, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो द्वारा भी मामले का संज्ञान लेते हुए मौके पर पहुंचकर संबंधित अधिकारियों को तत्काल दुकान हटाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होना प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है। यहॉ रहने वाले कांग्रेस प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने बताया कि पिछले एक वर्ष से लगातार इस शराब दुकान का विरोध किया जा रहा है। पूर्व कलेक्टर से लेकर वर्तमान कलेक्टर तक, साथ ही आबकारी विभाग के अधिकारियों को भी कई बार अवगत कराया गया, लेकिन आज तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि मानवाधिकार आयोग के हस्तक्षेप के बाद भी यदि प्रशासन कार्रवाई नहीं करता है, तो यह गंभीर लापरवाही है। गुस्साये रहवासियों ने चेतावनी दी है, कि यदि शीघ्र ही उक्त शराब दुकान को हटाने की कार्रवाई नहीं की गई, तो उग्र प्रदर्शन किया जायेगा। इस दौरान विवेक त्रिपाठी , क्षेत्रीय पार्षद शिखा मोनू गोहिल, सचिन दास बब्बा,रवि शर्मा, लवनीश भाटी, पूर्णेन्दु शुक्ला आदि बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे और सभी ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की और सरकार को चेतावनी दी अगर इस अवैध दुकान को जल्द नहीं हटाया गया तो अरेरा कॉलोनी के निवासी दुकान पर ताला बंदी करेंगे। जुनेद / 23 अप्रैल