भोपाल(ईएमएस)। टीलाजमालपुरा थाना पुलिस ने एक ऐसे जिलाबदर बदमाश को धारदार हथियार सहित गिरफ्तार किया है, जिसके खिलाफ थाना कोहेफिजा द्वारा जिला बदर की कार्यवाही की गई थी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीते दिन मुखविर से मिली सूचना पर इस्लामी गेट के पास मैदान में संदेही युवक को पकड़ा गया था। उसकी पहचान दानिश खान उर्फ दानिश हमीदिया पिता मोहम्मद रईस (28) निवासी, हमीदिया कैम्पस थाना कोहेफिजा, हाल पता कबीटपुरा के रुप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से धारदार छुरी मिली। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट का मामला कायम कर गिरफ्तार कर लिया। आगे की जॉच में टीला थाना पुलिस ने पकड़े गये आरोपी के संबंध में थाना कोहिफिजा से जानकारी प्राप्त की। तब खुलासा हुआ की आरोपी दानिश अपराधिक प्रवृत्ति का है, उसका रिकार्ड देखते हुए उसे 1 साल के लिये जिला भोपाल और उसके सीमावर्ती जिलो की राजस्व सीमा से बाहर रहने के संबंध में जिला बदर का आदेश जारी किया गया था। इसके बाद भी आरोपी आदेश का उल्लंघन करते हुए शहर में ही हथियार लेकर बैखौफ घूम रहा था। उसके खिलाफ रासुका की कार्यवाही करते हुए पुलिस उसे कोर्ट में पेश करने की तैयारी में है। जुनेद / 23 अप्रैल