राज्य
23-Apr-2026


:: बड़ी राहत : केंद्र ने लक्ष्य में की 22 लाख मीट्रिक टन की वृद्धि, मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री का माना आभार :: इंदौर/भोपाल (ईएमएस)। मध्य प्रदेश के अन्नदाताओं के हित में राज्य सरकार के प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। केंद्र सरकार ने प्रदेश के लिए गेहूं खरीदी के लक्ष्य में 22 लाख मीट्रिक टन की महत्वपूर्ण बढ़ोतरी को हरी झंडी दे दी है। इस निर्णय के बाद अब विपणन वर्ष 2026-27 के लिए मध्य प्रदेश का कुल गेहूं खरीदी लक्ष्य 78 लाख मीट्रिक टन से बढ़कर सीधे 100 लाख मीट्रिक टन पहुंच गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस किसान हितैषी फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद प्रदेश सरकार हर कदम पर किसानों के साथ खड़ी है। बढ़ी हुई लक्ष्य सीमा से अब अधिक संख्या में किसान समर्थन मूल्य का लाभ उठा सकेंगे। सरकार ने रणनीति बनाई है कि खरीदी की प्रक्रिया पूरी तरह व्यवस्थित और चरणबद्ध होगी। इसके तहत सबसे पहले छोटे किसानों की उपज खरीदी जाएगी, उसके बाद मध्यम और अंत में बड़े किसानों से गेहूं का उपार्जन किया जाएगा। इससे उपार्जन केंद्रों पर व्यवस्था बनी रहेगी और छोटे किसानों को अपनी राशि समय पर मिल सकेगी। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रहलाद जोशी को इस संबंध में औपचारिक प्रस्ताव भेजा था। मुख्यमंत्री के अनुरोध और प्रदेश में गेहूं की बंपर पैदावार को देखते हुए केंद्रीय मंत्रालय ने तुरंत 22 लाख मीट्रिक टन की अतिरिक्त मंजूरी प्रदान की। इस निर्णय से न केवल किसानों को उनकी मेहनत का सही मोल मिलेगा, बल्कि राज्य की खाद्यान्न प्रबंधन व्यवस्था और भंडारण क्षमता का भी बेहतर उपयोग सुनिश्चित हो सकेगा। प्रकाश/23 अप्रैल 2026