भागलपुर, (ईएमएस)। बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत रंगरा थाना क्षेत्र के तिनटंगा दियारा स्थित झल्लूदास टोला गंगा घाट पर गंगा नदी में डूबने से मधेपुरा जिले के एक ही परिवार के तीन लोगों एक बालक, एक किशोरी और एक युवती की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मधेपुरा जिले के चौसा थाना क्षेत्र स्थित भटगामा गांव (राजपुर पश्चिमी पंचायत, वार्ड संख्या 12) निवासी कुमोद यादव शुक्रवार दोपहर अपने परिवार के साथ बेटे गौरव कुमार और बेटी साक्षी कुमारी का मुंडन संस्कार कराने झल्लूदास टोला गंगा घाट पहुंचे थे। उनके साथ परिवार की एक अन्य सदस्य मोनी कुमारी भी मौजूद थीं। बताया जाता है कि मुंडन संस्कार से पहले सभी लोग गंगा स्नान कर रहे थे। इसी दौरान गौरव कुमार अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। बेटे को डूबता देख उसकी बहन साक्षी कुमारी और फुआ मोनी कुमारी उसे बचाने के लिए नदी में कूद पड़ीं। लेकिन गंगा के तेज बहाव के कारण तीनों ही संतुलन खो बैठे और देखते ही देखते गहराई में समा गए। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद देर शाम तीनों शवों को बरामद कर लिया गया। इस लोमहर्षक हादसे के बाद भटगामा गांव में शोक छाया हुआ है। जिस घर में मुंडन की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब सन्नाटा है। संतोष झा-२५ अप्रैल/२०२६/ईएमएस