मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई पुलिस ने एक बड़ी और प्रभावी कार्रवाई को अंजाम देते हुए जनवरी से मार्च 2026 के बीच चलाए गए विशेष अभियान में कुल 367 वॉन्टेड और फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस अभियान को पुलिस आयुक्त के मार्गदर्शन में सख्त योजना और रणनीति के तहत चलाया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर दिया गया है और कई मामलों में आगे की कानूनी प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। इस कार्रवाई की सबसे खास बात यह रही कि इनमें से 18 आरोपी ऐसे थे जो 20 साल से भी ज्यादा समय से फरार थे, जिससे लंबे समय से लंबित मामलों को अब गति मिलने की उम्मीद है। इस अभियान के दौरान कुछ बेहद पुराने मामलों में भी सफलता मिली। आज़ाद मैदान पुलिस स्टेशन ने 1987 से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं एन. एम. जोशी मार्ग पुलिस स्टेशन ने 1988 से फरार आरोपी को पकड़ा। यह कार्रवाई मुंबई पुलिस की लगातार और योजनाबद्ध मेहनत को दर्शाती है, जिससे यह साफ होता है कि चाहे मामला कितना भी पुराना क्यों न हो, पुलिस उसकी जांच जारी रखती है। - गिरफ्तारी का समयानुसार विवरण: 2005 से पहले (20+ साल पुराने)– 18 आरोपी 2006 से 2010 – 4 आरोपी 2011 से 2016 – 10 आरोपी 2016 से 2020 – 33 आरोपी 2021 से 2026 – 302 आरोपी मुंबई पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून से भागने वाले अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। - २५ अप्रैल/२०२६/ईएमएस