कांग्रेस ने जयंती पर यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. हेमवती नंदन बहुगुणा को किया याद देहरादून (ईएमएस)। देश के नेता पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं अविभाजित उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. हेमवती नंदन बहुगुणा की जयन्ती के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने आज प्रदेश कांगे्रस मुख्यालय राजीव भवन में स्व. हेमवती नन्दन बहुगुणा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किये। इस अवसर पर प्रदेश कंाग्रेस अध्यक्ष गोदियाल ने कहा कि गढ़वाल के एक छोटे से गांव बुघाणी में सामान्य परिवार में जन्मे हेमवती नन्दन बहुगुणा ने जिस प्रकार से गढ़वाल से इलाहाबाद तक की शैक्षणिक यात्रा, छात्र राजनीति, स्वतंत्रता संग्राम और फिर देश की आजादी के बाद उत्तर प्रदेश के विधायक से लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, भारत सरकार के संचार मंत्री से लेकर वित्त मंत्री और लम्बे समय तक विपक्ष के नेता के रूप में देश को नेतृत्व दिया और जीवनभर जिस विचारधारा पर चले कभी उन पर समझौता नहीं किया। उन्होंने देश की भावी पीढ़ियों को धर्मनिरपेक्षता की ठोस विचारधारा विरासत में दी और देश में सामाजिक न्याय के वैचारिक कीर्तिमान स्थिापित किये। गोदियाल ने कहा कि हेमवती नन्दन बहुगुणा व्यक्ति नहीं बल्कि विचारधारा थे। उन्होंने हमेशा कहा कि ‘हिमालय टूट सकता है पर झुक नहीं सकता है। गोदियाल ने कहा है कि स्व. बहुगुणा के ऊपर अंग्रेज सरकार ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान दस हजार जिन्दा या मुर्दा इनाम रखा था और जब वह गिरफ्तार हुए तो माफी मांगने की शर्त पर अंग्रेज सरकार ने उनको छोडने की पेशकश उनके पिता के माध्यम से की थी किन्तु स्व. बहुगुणा ने माफी मांगने से साफ मना कर दिया था। उन्होंने वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज प्रदेश मंे जिस प्रकार से जनहित की अनदेखी की जा रही है, वह बेहद चिन्ताजनक है। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी मुद्दांे पर सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है, जबकि स्व. बहुगुणा ने अपने कार्यकाल में हमेशा जनता को केन्द्र में रखकर नीतियां बनाई थीं। उन्होंने कहा कि आज जरूरत है सरकार स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा के आदर्शो से सीख ले, लेकिन दुर्भाग्यवश सत्ता में बैठे लोग जनसेवा के बजाय केवल प्रचार और दिखावे की राजनीति मे लगे हुए है। इस अवसर पर अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र सिंह भण्डारी, प्रवक्ता अभिनव थापर, शीशपाल सिंह बिष्ट, अमेन्द्र सिंह बिष्ट, अभिषेक तिवाडी, सुशीला शर्मा, सुनीता प्रकाश, राजकुमार जयसवाल, आदि कांग्रेसजन उपस्थित रहे। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/25 अप्रैल 2026