राज्य
26-Apr-2026


जयपुर (ईएमएस)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कोटा सर्किट हाउस में निर्भया फंड के तहत प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा करते हुए महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में पुलिस विभाग के प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए उन्होंने शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों को एआई तकनीक से जोड़ने के निर्देश दिए ताकि निगरानी और अधिक प्रभावी हो सके। साथ ही, जिले के अन्य प्रमुख इलाको को भी सीसीटीवी नेटवर्क से जोड़ने के निर्देश दिए। कोई भी अपराधी अब पुलिस की नजरों से बच नहीं सकेगा। महिलाओं की सुरक्षा और त्वरित सहायता के लिए 2 पिंक पेट्रोलिंग वैन शुरू करने और प्रमुख स्थानों पर पिंक बूथ स्थापित करने को कहा। इस दौरान ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री हीरालाल नागर भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा केवल व्यवस्था का विषय नहीं बल्कि समाज के विश्वास से जुड़ा मुद्दा है। अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का समय पर और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए ताकि महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित और भरोसेमंद वातावरण मिल सके।बैठक में कोटा आने वाली कोचिंग छात्राओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया। आत्मरक्षा प्रशिक्षण और साइबर जागरूकता अभियानों को तेज करने के निर्देश दिए गए। साथ ही महिला थाना कोटा शहर को मॉडल महिला थाना के रूप में विकसित करने को भी कहा, ताकि संवेदनशील और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित हो सके। उल्लेखनीय है कि निर्भया फंड के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं के लिए समावेशी शहरÓ परियोजना में कोटा को देश के चयनित 10 शहरों में शामिल किया गया है। अशोक शर्मा/ 5:10 बजे/ 26 अप्रेल 2026