- श्रम विभाग की पहल पर एमएसएमई और कौशल विकास विभाग का आयोजन भोपाल (ईएमएस)। अगर आप नौकरी की तलाश में हैं, तो अब आपको भटकने की जरूरत नहीं है। मध्य प्रदेश सरकार के युवा संगम कार्यक्रम के तहत अब आपको अपने ही जिले में रोजगार के अवसर मिलेंगे। इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि योग्य युवाओं को कंपनियों द्वारा ऑन-स्पॉट ऑफर लेटर दिए जाएंगे। मप्र के श्रम विभाग की पहल पर सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विभाग और कौशल विकास विभाग द्वारा आयोजित इस अभियान में स्वरोजगार, प्राइवेट नौकरी और अप्रेंटिसशिप के मौके एक ही मंच पर उपलब्ध होंगे। युवा संगम में इस बात पर जोर दिया गया है कि जॉब फेयर पूरे प्रदेश में एक साथ कार्यक्रम करने के बजाय, जिलों को अलग-अलग सप्ताहों और दिनों में बांटकर कार्यक्रम को व्यवस्थित रूप दिया गया है, ताकि हर जिले में युवाओं को बिना किसी अफरा-तफरी के रोजगार और अप्रेंटिसशिप के अवसर मिल सकें। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को उनके अपने जिले में ही इंटरव्यू देने और रोजगार प्राप्त करने की सुविधा प्रदान करना है। उन्हें रोजगार के लिए दूर-दराज के बड़े शहरों में भागने की जरूरत न पड़े, इसलिए यह विकेंद्रीकृत (डिसेंट्राइज) शेड्यूल तैयार किया गया है। कंपनियों के प्रतिनिधि रहेंगे मौजूद शेड्यूल के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि संबंधित विभागों (एमएसएमई, कौशल विकास, श्रम विभाग) की टीमें और नियोक्ताओं (कंपनियों) का प्रतिनिधिमंडल सही समय पर सही जिले में मौजूद रहे, ताकि ऑन-स्पॉट इंटरव्यू और ऑफर लेटर देने की प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके। अलग-अलग दिनों में अलग-अलग जिलों को कवर करने से प्रशासन और नियोक्ताओं का ध्यान उस विशिष्ट जिले के युवाओं पर पूरी तरह केंद्रित रहता है, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोडऩे में मदद मिलती है। विनोद / 26 अप्रैल 26