अहमदाबाद (ईएमएस)| उत्तर प्रदेश की राज्यपाल और गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल एक बार फिर लोकतांत्रिक कर्तव्य निभाते हुए आज अहमदाबाद में मतदान करती नजर आईं। अहमदाबाद महानगरपालिका की चुनाव प्रक्रिया के बीच शीलज गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में बनाए गए मतदान केंद्र पर उन्होंने सामान्य नागरिक की तरह कतार में खड़े होकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सुबह के समय पहुंची आनंदीबेन पटेल ने शांतिपूर्ण माहौल में मतदान प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान उन्होंने लोकतंत्र में मतदान के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं बल्कि एक महत्वपूर्ण नैतिक जिम्मेदारी भी है। शीलज क्षेत्र में स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला, क्योंकि यह चुनाव क्षेत्रीय विकास कार्यों की दिशा तय करने में अहम माना जा रहा है। आनंदीबेन पटेल, जो वर्तमान में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल हैं, अपने व्यस्त कार्यक्रमों के बावजूद समय निकालकर मतदान केंद्र पर पहुंचीं और हमेशा की तरह लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाई। मतदान के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की। उनकी इस उपस्थिति से स्थानीय मतदाताओं में भी उत्साह का माहौल देखा गया। सतीश/26 अप्रैल