राष्ट्रीय
26-Apr-2026


* भीषण गर्मी के बीच मतदाताओं में उत्साह, राज्यभर में औसतन 54% मतदान दर्ज अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात में रविवार को आयोजित स्थानीय स्वराज संस्थाओं के चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गए। भीषण गर्मी के बावजूद मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक मतदान किया और पूरे राज्य में औसतन करीब 54 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। सुबह 7 बजे शुरू हुई मतदान प्रक्रिया शाम 6 बजे समाप्त हुई। दिनभर कहीं धीमी तो कहीं तेज रफ्तार से मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करते नजर आए। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, 15 महानगरपालिकाओं में औसतन 48 प्रतिशत मतदान हुआ, जो ग्रामीण क्षेत्रों की तुलना में कम रहा। महानगरपालिका क्षेत्रों में मतदान प्रतिशत 48.32 प्रतिशत से लेकर अनुमानित 53 प्रतिशत तक दर्ज किया गया। इसके साथ ही 15 महानगरपालिकाओं की 1001 सीटों पर चुनाव लड़ रहे 3145 उम्मीदवारों का राजनीतिक भविष्य ईवीएम में कैद हो गया है, जिसका फैसला अब मंगलवार को आने वाले नतीजों में होगा। दूसरी ओर, नगरपालिकाओं में 54 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में लोकतंत्र के प्रति ज्यादा उत्साह देखने को मिला। जिला पंचायतों में 58 प्रतिशत और तालुका पंचायतों में सबसे अधिक 60 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान समाप्त होते ही सभी ईवीएम मशीनों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा गया है। अब सबकी निगाहें 28 अप्रैल पर टिकी हैं, जब मतगणना होगी। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जिला और तालुका पंचायतों में हुआ भारी मतदान सत्ताधारी दल और विपक्ष दोनों के लिए निर्णायक साबित हो सकता है। मतदान खत्म होते ही राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों ने हार-जीत के समीकरण बैठाने शुरू कर दिए हैं। अब मंगलवार को ईवीएम खुलने के साथ ही तस्वीर साफ होगी कि जनता ने किसके सिर जीत का ताज सजाया है। सतीश/26 अप्रैल